मोबाइल विवाद में दोस्त की बेरहमी से हत्या: बबूल की लकड़ी से सिर पर ताबड़तोड़ वार, जंगल में मंदिर के पास छिपा आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर जिले के मोहना इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां मोबाइल को लेकर हुए मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया।
ग्वालियर जिले के मोहना इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां मोबाइल को लेकर हुए मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गुस्से में आकर एक युवक ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक ऋषिकेश सिंह और आरोपी दीपक शाक्य दोनों मुरैना जिले के रहने वाले थे और काम की तलाश में ग्वालियर आए हुए थे। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी और अक्सर साथ ही समय बिताते थे। रविवार की शाम दोनों युवक ग्वालियर-मोहना बायपास स्थित एक भोजनालय पर पहुंचे, जहां उन्होंने साथ बैठकर शराब पी।
शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच मोबाइल को लेकर विवाद शुरू हो गया। पहले यह बहस मामूली थी, लेकिन धीरे-धीरे यह झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर दीपक शाक्य ने पास में पड़ी बबूल की मोटी लकड़ी उठा ली और ऋषिकेश सिंह के सिर पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। अचानक हुए इस हमले से ऋषिकेश संभल नहीं पाया और गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
लगातार सिर पर वार किए जाने के कारण ऋषिकेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दीपक शाक्य घबरा गया और जंगल के रास्ते मौके से फरार हो गया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और आरोपी की तलाश के लिए जंगल और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी को वैष्णो देवी मंदिर के पास जंगल में छिपा हुआ पाया और वहीं से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी दीपक शाक्य ने मोबाइल विवाद के चलते गुस्से में हत्या करने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक मामूली मोबाइल विवाद ने दोस्ती को दुश्मनी में बदल दिया और एक युवक की जान चली गई। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।